रिपोर्ट : विपुल तिवारी आजमगढ़
बलरामपुर शराब दुकान के बाहर चखना, सिगरेट, पानी और गिलास के पैसे को लेकर हुआ था विवाद, पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
आजमगढ़। कोतवाली क्षेत्र के बलरामपुर स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के बाहर 25 रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में युवक की मौत के मामले में कोतवाली पुलिस ने वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 3 अक्टूबर की है।
जानकारी के अनुसार बलरामपुर शराब दुकान के बाहर चखना, सिगरेट, पानी और गिलास के 25 रुपये को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि विजय चौहान और उसके साथियों ने गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए दूसरे पक्ष के एक युवक के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
परिजन घायल युवक को मंडलीय चिकित्सालय ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस ने वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की।
पुलिस के अनुसार 5 अक्टूबर को उपनिरीक्षक मिथिलेश कुमार प्रजापति की टीम ने सूचना के आधार पर आरोपी विजय चौहान (50 वर्ष) पुत्र स्व. छविराज चौहान, निवासी शेखपुरा, थाना कोतवाली को रोडवेज के पास से सुबह 10:50 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।






