रिपोर्ट : शिवम मिश्रा ( बरेली)
लखनऊ में ओबीसी कांग्रेस का राजभवन घेराव, ड्रॉपडाउन सूची और ओबीसी एक्ट लागू करने की भी उठी मांग
लखनऊ में जातिगत जनगणना और ओबीसी से जुड़े अधिकारों को लेकर कांग्रेस की ओर से प्रदर्शन किया गया। प्रदेश ओबीसी अध्यक्ष मनोज यादव के नेतृत्व में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे ओबीसी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजभवन घेराव के लिए कूच किया। प्रदर्शनकारियों ने आगामी जाति जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम जोड़ने की मांग उठाई।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि जाति जनगणना में ओबीसी की वास्तविक संख्या और सामाजिक-आर्थिक स्थिति का स्पष्ट आंकड़ा सामने आना जरूरी है। इसके साथ ही जातियों की पहचान और गणना व्यवस्थित तरीके से दर्ज करने के लिए ड्रॉपडाउन सूची शामिल करने की मांग भी की गई। कार्यकर्ताओं का कहना था कि जातिगत आंकड़ों के आधार पर सरकार नीतियां और योजनाएं तैयार कर सकेगी।
प्रदर्शन में पूर्व मंत्री उत्तर प्रदेश सरकार एवं ओबीसी कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हीरा ठाकुर, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष देवेंद्र निषाद और नेशनल कोऑर्डिनेटर राम गणेश प्रजापति सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने एससी/एसटी एक्ट की तर्ज पर ओबीसी एक्ट लागू किए जाने की मांग भी उठाई।
बरेली से पूर्व विधायक मास्टर छोटेलाल गंगवार, ओबीसी जिलाध्यक्ष वंशीधर गंगवार, महानगर अध्यक्ष ओबीसी हरिओम शाक्य एडवोकेट, राजकुमार यादव, राजकुमार फौजी और धर्मपाल गंगवार सहित कई कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल हुए। वंशीधर गंगवार ने कहा कि जब तक ओबीसी समाज की जनसंख्या का स्पष्ट और विस्तृत आंकड़ा सामने नहीं आएगा, तब तक योजनाओं और नीतियों का सही लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना चुनौतीपूर्ण रहेगा।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जाति जनगणना में ओबीसी कॉलम, जातियों की ड्रॉपडाउन सूची और ओबीसी एक्ट लागू करने की मांग दोहराई। बरेली से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन में शामिल होकर ओबीसी समाज से जुड़े मुद्दे उठाए।






