उरई में पुलिस कार्यालय और पुलिस लाइन का वार्षिक निरीक्षण, रिकॉर्ड समीक्षा, विवेचना, साइबर क्राइम और महिला अपराध पर दिए दिशा-निर्देश।
उरई(जालौन) : जालौन के उरई में एडीजी कानपुर अनुपम कुलश्रेष्ठ ने वार्षिक निरीक्षण के तहत पुलिस कार्यालय, विभिन्न शाखाओं और पुलिस लाइन का व्यापक रियलिटी चेक किया। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों की समीक्षा, कार्यप्रणाली का मूल्यांकन और पुलिसिंग की गुणवत्ता को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एडीजी ने पत्र व्यवहार शाखा, डीसीआरबी, महिला शाखा, साइबर सेल, विशेष जांच प्रकोष्ठ, वाचक कार्यालय और क्राइम सेक्शन सहित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर रिकॉर्ड का रखरखाव परखा। जहां कमियां मिलीं, वहां उन्हें तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद पुलिस लाइन में एसपी, एएसपी, सीओ और थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर अपराध नियंत्रण, विवेचना की गुणवत्ता, महिला अपराध, साइबर क्राइम और कानून-व्यवस्था को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को लंबित मामलों की नियमित मॉनीटरिंग और प्रभावी पुलिसिंग पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान एडीजी ने जनप्रतिनिधियों से भी संवाद कर जिले की पुलिस व्यवस्था पर फीडबैक लिया। उन्होंने थाना स्तर से लेकर जिला स्तर तक पुलिसिंग तंत्र को और मजबूत बनाने पर बल दिया।
वार्षिक समीक्षा के बाद एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने एसपी के नेतृत्व में जालौन पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए इसे सराहनीय बताया।







