रिपोर्ट: जितेंद्र कुमार यादव (तहसील संवाददाता दातागंज)
ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी, अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी पुलिस की नजर; अधिकारियों ने मिशन शक्ति फेज-6.0 जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी
बदायूं। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस ग्राउंड स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। इसमें धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों और जनप्रतिनिधियों से संवाद कर त्योहारों को आपसी भाईचारे और निर्धारित नियमों के तहत मनाने की अपील की गई।
बैठक में डीएम और एसएसपी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाएगी। आयोजन स्थलों की निगरानी ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट डालने और अफवाह फैलाने वालों पर भी पुलिस की नजर रहेगी। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि माहौल बिगाड़ने या शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी अवनीश राय ने संबंधित अधिकारियों को त्योहारों के दौरान आयोजन स्थलों पर बिजली, पेयजल और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से आपसी सहयोग बनाए रखने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
बैठक के बाद जिलाधिकारी अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा ने पुलिस ग्राउंड से मिशन शक्ति फेज-6.0 जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, अधिकारों तथा जागरूकता से जुड़े संदेशों को जन-जन तक पहुंचाना है।






