रिपोर्ट: जितेंद्र कुमार यादव (तहसील संवाददाता दातागंज)
हजरतपुर के जैतपाल अनीता देवी इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
बदायूं। हजरतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम हजरतपुर स्थित जैतपाल अनीता देवी इंटर कॉलेज में मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिला चौपाल का आयोजन किया गया। थाना हजरतपुर पुलिस टीम ने कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। साथ ही, सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को विधवा पेंशन योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना और प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में बताया गया। इसके अलावा नशा मुक्ति भारत अभियान के संबंध में भी जानकारी दी गई।
पुलिस टीम ने बालिकाओं को उनकी सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए जरूरत पड़ने पर संबंधित हेल्पलाइन नंबरों का इस्तेमाल करने की सलाह दी। महिलाओं को वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, स्वास्थ्य सेवा 102 और 108, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एंटी रोमियो चेकिंग भी की गई। मिशन शक्ति अभियान के तहत आयोजित इस चौपाल का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करना तथा उन्हें उपलब्ध सुरक्षा सेवाओं और सरकारी योजनाओं की जानकारी देना रहा।







