भूसा और भैंसों के बाड़े में भीषण आग, 15 कुंतल भूसा जलकर राख
गायर गांव में आग से हुए नुकसान की जानकारी देते पीड़ित रामप्रकाश
जालौन कोतवाली क्षेत्र के गायर गांव में देर रात लगी आग से मजदूर रामप्रकाश का बाड़ा राख हो गया, ग्रामीणों ने मशक्कत कर आग पर पाया काबू।
जालौन : जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गायर में देर रात भूसा और भैंसों के बाड़े में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की तेज लपटें उठती देख परिवार और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बाड़े से उठती आग की लपटें दिखाई दे रही हैं।
जानकारी के अनुसार, गायर निवासी रामप्रकाश के भूसा एवं भैंसों के बाड़े में अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और बाड़े में रखा भूसा, कंडा, खरी, लालच समेत अन्य सामान धू-धूकर जलने लगा। आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार को अधिकांश सामान बाहर निकालने का मौका नहीं मिल सका।
ग्रामीणों ने एकजुट होकर काफी देर तक आग बुझाने का प्रयास किया, जिसके बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक करीब 15 कुंतल भूसा सहित अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुका था।
घटना में मजदूर रामप्रकाश को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। आग के बाद परिवार के सामने पशुओं के चारे का भी संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराकर नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।







