रिपोर्ट : तरूण कुमार ब्यूरो चीफ (बरेली मंडल)
कई दिनों से घर के पास पड़ा था गोवंश का शव, दुर्गंध से परेशान ग्रामीणों की शिकायत पर मौके पर पहुंची भुता पुलिस
भुता(बरेली)। थाना भुता क्षेत्र के ग्राम बिशेषरपुर में एक घर के पास मृत गोवंश का शव कई दिनों से पड़ा होने के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। शव से दुर्गंध फैलने के चलते आसपास रहने वाले लोगों को काफी दिक्कत हो रही थी। ग्रामीणों की शिकायत के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को हटवाने की कार्रवाई की।
जानकारी के मुताबिक, ग्रामीण धर्मेंद्र कुमार ने इस समस्या की जानकारी अंतरराष्ट्रीय हिंदू सेना के जिलाध्यक्ष अजय पटेल को दी। सूचना मिलने पर अजय पटेल ने जिला प्रभारी अभिषेक गंगवार को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से स्थानीय प्रशासन को भी मामले से अवगत कराया गया।
शिकायत का संज्ञान लेते हुए थाना भुता पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जेसीबी मशीन की सहायता से गड्ढा खुदवाकर मृत गोवंश के शव को सम्मानपूर्वक दफन कराया। इसके बाद ग्रामीणों को दुर्गंध से राहत मिली।
इस दौरान ग्राम प्रधान, अनिल पटेल, श्यामलाल, सोहनलाल, सुरेंद्र पटेल, रवि पटेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।






