गाय से टकराई बाइक, किसान की मौत; दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

0
मृतक की फाइल फोटो

मृतक की फाइल फोटो

जालौन के गोहन थाना क्षेत्र के राहौली गांव में बाजार जाते समय हादसा, 38 वर्षीय पिंटू सेंगर की मौके पर मौत; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

जालौन: जालौन के गोहन थाना क्षेत्र के राहौली गांव में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान 38 वर्षीय पिंटू सेंगर के रूप में हुई है। हादसा उस समय हुआ, जब वह अपने घर से बाइक लेकर बाजार जा रहे थे। अचानक सामने आई गाय से बाइक की टक्कर हो गई, जिससे उनकी मौके पर ही जान चली गई।


जानकारी के अनुसार, पिंटू सेंगर रोज की तरह किसी काम से बाजार के लिए निकले थे। रास्ते में अचानक सड़क पर आई गाय से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटों के कारण घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।


हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने तत्काल गोहन थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


पिंटू सेंगर खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और घर में मातम पसरा हुआ है।
मृतक अपने पीछे बेटा डिब्बू और बेटी रानी को छोड़ गए हैं। जवान पिता की मौत से दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया, जबकि परिवार के सामने आर्थिक संकट भी गहरा गया है। गांव में भी इस हादसे के बाद शोक का माहौल बना हुआ है।

पोस्टमार्टम हाउस के बाहर खड़े मृतक के परिजन
पोस्टमार्टम हाउस के बाहर खड़े मृतक के परिजन

About The Author

Leave a Reply