तीन दिन पूर्व उरई में युवक पर चाकू और गोली से हुए हमले के मामले में पुलिस द्वारा कार्रवाई न होने पर परिजनों ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर इंसाफ और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
उरई (जालौन) : जालौन के उरई स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में तीन दिन पूर्व हुए जानलेवा हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजनों ने उग्र प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। परिजनों ने आरोपियों पर लगातार धमकाने का गंभीर आरोप भी लगाया है।
घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि तीन दिन पूर्व अज्ञात हमलावरों ने एक युवक पर धारदार हथियारों और चाकुओं से ताबड़तोड़ जानलेवा हमला किया था। इसके बाद आरोपियों ने युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था।
इस मामले में पुलिस ने पहले ही चार नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था, लेकिन अब तक मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट परिजनों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया।
घायल की मां ने अपनी बाइट में पुलिस पर ढिलाई बरतने का आरोप लगाया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। वहीं, घायल के रिश्तेदार ने भी प्रशासन के सामने अपनी बात रखते हुए आरोपियों द्वारा लगातार दी जा रही धमकियों और सुरक्षा की गुहार का जिक्र किया। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी है।







