जालौन में वकील के सूने घर पर धावा, लाखों के जेवर और नकदी चोरी

0
जालौन के मोहल्ला नया रावतान में अधिवक्ता के सूने मकान में बिखरा पड़ा सामान

जालौन के मोहल्ला नया रावतान में अधिवक्ता के सूने मकान में बिखरा पड़ा सामान

रिपोर्ट-मुहम्मद साजिद जालौन |UPSAMVAD

जालौन :जालौन नगर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला मोहल्ला नया रावतान का है, जहां अज्ञात चोरों ने एक अधिवक्ता के सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका-मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।


परिवार गांव गया, चोरों ने सूने घर को बनाया निशाना


प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ला नया रावतान निवासी एडवोकेट सुधाकर सिंह सेंगर अपने परिवार के साथ पैतृक गांव मढ़ोरा गए हुए थे। वहां वे मूंग की कटाई कराने के लिए रुके हुए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके बंद पड़े मकान को निशाना बना लिया।
बताया जा रहा है कि देर रात चोर मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर भीतर दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने घर के कमरों और अलमारियों को खंगाल डाला। चोर बड़ी सफाई से घर में रखे कीमती जेवरात और नकदी समेटकर फरार हो गए।

सुबह लौटने पर टूटा मिला ताला


सुबह जब एडवोकेट सुधाकर सिंह सेंगर अपने घर लौटे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। घर के अंदर प्रवेश करने पर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे। जांच करने पर पता चला कि घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब हैं।

मौके से बरामद हुआ सब्बल


घटना की सूचना तत्काल जालौन पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी मनीष कुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस को मौके से एक जिंदल का सब्बल बरामद हुआ है, जिसका इस्तेमाल ताले तोड़ने में किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस


पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

बढ़ती चोरी की घटनाओं से लोग परेशान


क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय और नाराजगी है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखने और चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो अपराधियों के हौसले और बुलंद हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।

Leave a Reply

You may have missed