जालौन: प्रेम विवाह के बाद युवती ने जताया जान का खतरा, CM से मांगी सुरक्षा

0
UP SAMVAD LIVE

प्रेम विवाह के बाद सुरक्षा की मांग करती युवती का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल।

रेंढर(जालौन) : रेंढर थाना क्षेत्र अंतर्गत नावली गांव में प्रेम विवाह का एक मामला इन दिनों इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। गांव निवासी युवती प्राची गुर्जर ने अपने प्रेमी रूप सिंह पाल से अपनी मर्जी से विवाह कर लिया है। प्रेम विवाह के बाद युवती ने अपने ही परिजनों से जान का खतरा जताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं और प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है।
प्राची गुर्जर, पुत्री राम पाल गुर्जर, निवासी नावली, ने एक वीडियो संदेश जारी कर सोशल मीडिया पर अपनी बात सार्वजनिक की है। वीडियो में उसने कहा है कि वह बालिग है और उसने पूरी तरह से अपनी इच्छा से रूप सिंह पाल से विवाह किया है। युवती का आरोप है कि उसके इस फैसले से नाराज होकर परिवार के कुछ लोग उसे और उसके पति को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसी आशंका के चलते उसने अपने परिजनों से जान का खतरा बताया है।
वीडियो संदेश के माध्यम से युवती ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी सुरक्षा की गुहार लगाई है। उसका कहना है कि उसे और उसके पति को किसी अनहोनी का डर सता रहा है, इसलिए प्रशासन उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करे, ताकि वे बिना भय के अपना वैवाहिक जीवन शुरू कर सकें।
प्रेमी जोड़े द्वारा जारी किया गया यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे मामला और अधिक सुर्खियों में आ गया है। वीडियो के वायरल होने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे युवाओं का निजी और संवैधानिक अधिकार बताते हुए प्रेम विवाह के समर्थन में नजर आ रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे पारिवारिक विवाद से जोड़कर देख रहे हैं।
वहीं पुलिस का कहना है कि उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से इस मामले की जानकारी मिली है। यदि प्रेमी जोड़ा थाने में लिखित शिकायत देता है, तो मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रेमी जोड़ा सुरक्षा की मांग पर अड़ा हुआ है और प्रशासन से मदद की उम्मीद लगाए हुए है।

रिपोर्ट: मुहम्मद साजिद, जालौन |UP SAMVAD
Source: Local Sources

Leave a Reply

You may have missed