विज्ञापन | ADVERTISEMENT
बिसम्भर जनसेवा केंद्र विज्ञापन लियाकत टी स्टॉल बरेली विज्ञापन जनसेवा केंद्र विज्ञापन इंडियन मेडिकल स्टोर बरेली विज्ञापन
Administration Jalaun Law & Justice News Orai Politics Public Issues Uttar Pradesh

​जालौन: सांसद की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बड़ी बैठक; बिना नंबर प्लेट और ओवरलोड वाहनों पर होगी ‘सर्जिकल स्ट्राइक’

उरई विकास भवन में सांसद नारायणदास अहिरवार और जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक।

​उरई(जालौन): जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सोमवार को विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में संसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। सांसद नारायणदास अहिरवार की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मिलकर जिले की सड़कों को सुरक्षित बनाने के लिए कई कड़े फैसले लिए।

​नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

​बैठक को संबोधित करते हुए सांसद नारायणदास अहिरवार ने कहा कि मानवीय जीवन अनमोल है और लापरवाही के कारण होने वाली मौतों को हर हाल में रोकना होगा। उन्होंने परिवहन और पुलिस विभाग को निर्देशित किया कि बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के विरुद्ध तत्काल सघन अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाए। सांसद ने भविष्य की जरूरतों को देखते हुए जनपद में सिक्स लेन सड़क का प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।

​ब्लैक स्पॉट और जनजागरूकता पर जोर

​जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी ने सामाजिक सहभागिता पर बल देते हुए कहा कि व्यापारियों, एनजीओ और समाजसेवियों के माध्यम से ‘राहगीर योजना’ का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने सड़कों पर होर्डिंग्स लगाने, ब्लैक स्पॉट (दुर्घटना संभावित क्षेत्र) का चिन्हीकरण करने और कदौरा से जलालपुर मार्ग के चौड़ीकरण के साथ-साथ मार्ग किनारे उगे झाड़-झंखाड़ की सफाई कराने का प्रस्ताव रखा।

​सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने सड़क सुरक्षा को एक सामाजिक जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाया जाना चाहिए। विधायक ने जोर दिया कि जब तक आम नागरिक यातायात नियमों को अपनी आदत में शुमार नहीं करेंगे, तब तक दुर्घटनाओं में कमी लाना चुनौतीपूर्ण होगा।

​जिलाधिकारी ने दिए सुदृढ़ीकरण के आदेश

​जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने पूर्व की बैठकों के निर्देशों की समीक्षा की। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD) को कदौरा–जलालपुर मार्ग के चौड़ीकरण की प्रक्रिया शुरू करने और नए ब्लैक स्पॉट पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने कालपी–जखौली–एट–आटा मार्ग की मरम्मत, जिला अस्पताल के पास रैंप सहित फुट ओवर ब्रिज निर्माण और ओवरस्पीडिंग व ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

​किसान यूनियन ने उठाई बुनियादी समस्याओं की आवाज

​भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव राजबीर सिंह जादौन ने स्थानीय मार्गों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कोटरा रोड के सीसी मार्ग की दरारों को भरने, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और एनएचएआई की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने और मानक से कम दूरी पर स्थित टोल बूथों को हटाने की मांग की। साथ ही उन्होंने कोंच से पहाड़गांव मार्ग के सुदृढ़ीकरण पर भी बल दिया।

​प्रशासनिक अधिकारियों की रही मौजूदगी

​बैठक में पुलिस अधीक्षक दुर्गेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी (CDO) के.के. सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा, सीएमओ डॉ. के.के., एडीएम संजय कुमार सहित जिले के तमाम बड़े अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में जिले की यातायात व्यवस्था को सुधारने का संकल्प लिया।

रिपोर्ट: मुहम्मद साजिद, जालौन |UP SAMVAD
Source: Local Sources

About The Author

Leave a Reply