भिंड निवासी युवक को सस्ते सोने-चांदी के आभूषण देने का झांसा देकर तीन शातिरों ने दिनदहाड़े वारदात को अंजाम दिया, पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है।
कोंच(जालौन) : जालौन के कोंच कोतवाली क्षेत्र स्थित कोंच बस स्टैंड पर दिनदहाड़े टप्पेबाजी की वारदात सामने आई है। तीन शातिर युवकों ने फर्जी सोने-चांदी के आभूषण का झांसा देकर भिंड निवासी बॉबी से 15 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, बॉबी बस स्टैंड पर मौजूद था। इसी दौरान तीन युवक उसके पास पहुंचे और कम कीमत में सोने-चांदी के आभूषण बेचने का लालच दिया। जब उसने खरीदने से मना किया, तो आरोप है कि युवकों ने जबरन उसके हाथ में फर्जी आभूषण थमा दिए और बातचीत के दौरान उसके पास रखे 15 हजार रुपये तथा मोबाइल फोन लेकर भाग निकले।
घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल कोंच कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद बस स्टैंड और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर तीनों संदिग्ध युवकों की पहचान का प्रयास शुरू कर दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।






