लगातार बारिश से रामजानकी मंदिर की दीवार गिरी, बाहर खड़ी कार क्षतिग्रस्त

0
कोंच के रामजानकी मंदिर की गिरी दीवार से क्षतिग्रस्त कार

कोंच के रामजानकी मंदिर की गिरी दीवार से क्षतिग्रस्त कार

जालौन के कोंच नगर के जवाहर नगर में गुरुवार सुबह हुआ हादसा, मलबे की चपेट में आई कार; कार में कोई सवार न होने से टली जनहानि।

कोंच(जालौन): जालौन के कोंच नगर में गुरुवार सुबह लगातार बारिश के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। जवाहर नगर स्थित रामजानकी मंदिर की एक दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में मंदिर के बाहर खड़ी एक कार आ गई। गनीमत रही कि घटना के समय कार में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई।


स्थानीय लोगों के अनुसार कार बुधवार शाम से मंदिर के बाहर खड़ी थी। रातभर हुई तेज बारिश के चलते मंदिर की दीवार कमजोर हो गई और गुरुवार सुबह अचानक ढह गई। दीवार का मलबा सीधे कार पर गिरने से उसका अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।


दीवार गिरते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। तेज आवाज सुनकर स्थानीय निवासी मौके पर पहुंचे और मलबे में दबी कार को देखा। लोगों का कहना है कि यदि हादसे के समय कार में कोई बैठा होता तो गंभीर चोटें आ सकती थीं।
फिलहाल क्षतिग्रस्त कार के मालिक की पहचान नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक अभी तक वाहन स्वामी का नाम और पता सामने नहीं आया है।


घटना के बाद क्षेत्रीय निवासियों ने मंदिर की अन्य दीवारों की मजबूती पर भी चिंता जताई है। उन्होंने प्रशासन से जर्जर भवनों और कमजोर दीवारों का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।

About The Author

Leave a Reply