रक्षाबंधन पर रोडवेज की बड़ी लापरवाही, एक बस खराब तो दूसरी कोंच पहुंची ही नहीं

0
कोंच बस स्टैंड पर लखनऊ जाने वाली खराब रोडवेज बस

कोंच बस स्टैंड पर लखनऊ जाने वाली खराब रोडवेज बस

लगातार दूसरे दिन कोंच-लखनऊ रूट के यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी, रात में सूचना मिलने के बावजूद वैकल्पिक बस की व्यवस्था नहीं की गई।

कोंच(जालौन): रक्षाबंधन के त्योहार पर जालौन के कोंच में रोडवेज की अव्यवस्था ने यात्रियों का सफर मुश्किल कर दिया। कोंच-लखनऊ रूट पर गुरुवार सुबह 6:15 बजे चलने वाली झांसी डिपो की बस खराब हो गई, जबकि 7:15 बजे वाली दूसरी बस कोंच बस स्टैंड पहुंची ही नहीं। लगातार दूसरे दिन यात्रियों को इसी रूट पर परेशानियों का सामना करना पड़ा, जिससे रोडवेज की तैयारियों पर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, झांसी डिपो की बस संख्या UP 78 KN 0279 सुबह कोंच पहुंचने से पहले ही खराब हो गई थी। बस के परिचालक मोहित भारद्वाज ने बताया कि देर रात ही बस में आई खराबी की सूचना अधिकारियों को व्हाट्सऐप के माध्यम से दे दी गई थी। इसके बावजूद सुबह यात्रियों के लिए किसी वैकल्पिक बस की व्यवस्था नहीं की गई।


सुबह 6:15 बजे लखनऊ जाने के लिए बड़ी संख्या में यात्री कोंच बस स्टैंड पहुंचे, लेकिन खराब बस के कारण उन्हें लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। इस बीच 7:15 बजे लखनऊ जाने वाली दूसरी रोडवेज बस भी बस स्टैंड नहीं पहुंची, जिससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई। मजबूर होकर कई यात्रियों ने निजी बसों का सहारा लिया ताकि समय पर अपने घर और बहनों तक पहुंच सकें।


मामले में एक और गंभीर तथ्य सामने आया है। बताया गया कि एक दिन पहले 7:15 बजे कोंच-लखनऊ रूट पर चलने वाली बस के परिचालक राघवेंद्र को अधिकारियों ने कोंच भेजने के बजाय झांसी-कानपुर रूट की ड्यूटी स्लिप जारी कर दी थी। ऐसे में लगातार दूसरे दिन भी कोंच-लखनऊ रूट प्रभावित रहा।


यात्रियों का सवाल है कि जब कोंच बस स्टैंड पर कई रोडवेज बसें मौजूद थीं और बस खराब होने की सूचना रात में ही मिल चुकी थी, तब वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं की गई। वहीं उरई डिपो इंचार्ज केपी सिंह की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। त्योहार के दौरान हुई इस अव्यवस्था ने रोडवेज प्रबंधन की तैयारियों पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।

About The Author

Leave a Reply