विधायक मूलचंद्र निरंजन ने तूमरा, बाबली और भखरौल में ग्रामीणों से योजनाओं की जानकारी ली और अतिवृष्टि प्रभावित किसानों को राहत का भरोसा दिया।
कोंच, जालौन। नदीगांव विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत तूमरा, बाबली और भखरौल में गुरुवार को जन चौपाल आयोजित की गई। मुख्य अतिथि विधायक मूलचंद्र निरंजन ने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का लाभ मिलने की जानकारी ली और विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से पहुंचाने के निर्देश दिए।
विधायक ने पेंशन, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, शौचालय और आवास जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्रों को दिलाने को कहा। उन्होंने स्वास्थ्य और शिक्षा सेवाओं को व्यवस्थित रखने तथा साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। विधायक ने ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रहने देने का आश्वासन दिया।
अतिवृष्टि से नष्ट हुई फसलों के संबंध में विधायक ने कहा कि सरकार किसानों के प्रति गंभीर है। उन्होंने कहा कि जल्द ही दैवीय आपदा राहत कोष से प्रभावित किसानों को मदद दिलाई जाएगी।
चौपाल में विधायक ने क्षेत्र में कराए गए महत्वपूर्ण विकास कार्यों के साथ केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों, कार्यक्रमों एवं योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। उन्होंने ग्रामीणों से मोदी-योगी के हाथों को मजबूत करने का आह्वान किया।
इससे पहले ग्राम प्रधानों और ग्रामीणों ने विधायक का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस दौरान एडीओ पंचायत लक्ष्मण चौरसिया और सचिव दीपक कुशवाहा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।






