रिपोर्ट : राशिद अली ( बहराइच )
22 सितंबर से पति-पत्नी बताकर होटल में ठहरे थे दोनों, दिनभर कमरे से हलचल न होने पर स्टाफ ने दरवाजा खुलवाया
बहराइच : कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित अवध कैलाश होटल में गुरुवार देर शाम एक महिला और युवक मृत मिले। दोनों 22 सितंबर से होटल के एक कमरे में खुद को पति-पत्नी बताकर ठहरे हुए थे। दिनभर कमरे से कोई हलचल नहीं होने पर होटल स्टाफ ने दरवाजा खटखटाया। जवाब नहीं मिलने पर दरवाजा खोला गया तो दोनों मृत मिले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
गौतमबुद्ध नगर निवासी पिंकी शर्मा (46) शादीशुदा थीं। उनके पति विजय शर्मा कैटरिंग का काम करते हैं। परिवार में दो बच्चे हैं। वहीं श्रावस्ती के मल्हीपुर थाना क्षेत्र के कथरा माफी के मजरा हसनापुर निवासी रिंकू (27) तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था और बिजली मैकेनिक का काम करता था।
पिंकी के पति विजय ने बताया कि रिंकू उनके घर के सामने किराए पर रहता था। इसी दौरान परिवार से उसकी पहचान हुई थी और रिंकू पहले पिंकी को बहन मानता था। विजय के मुताबिक, 14 सितंबर को पिंकी घर से एक लाख रुपये नकद और जेवर समेत करीब तीन लाख रुपये का सामान लेकर चली गई थीं। उसी शाम 6:11 बजे उनका फोन बंद हो गया। 30 सितंबर को रिंकू के फोन से कॉल कर पिंकी ने 80 हजार रुपये ऑनलाइन भेजने को कहा था।
रिंकू के चचेरे भाई राम प्रगट यादव ने बताया कि रिंकू नोएडा में ठेके पर लाइनमैन का काम करता था। इसी साल 11 जुलाई को उसकी शादी हुई थी, लेकिन दुल्हन की विदाई नहीं हुई थी। वह एक अगस्त को नोएडा चला गया था। वहां पहुंचने के बाद उसने परिवार को फोन कर पहुंचने की जानकारी दी थी, इसके बाद उससे कोई बात नहीं हुई।
गुरुवार को पुलिस ने प्रधान के माध्यम से परिवार को रिंकू की मौत की सूचना दी, जिसके बाद परिजन बहराइच पहुंचे। राम प्रगट यादव के अनुसार, परिवार को होटल में साथ मिली महिला के बारे में जानकारी नहीं थी और रिंकू ने भी कभी इस संबंध में नहीं बताया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






