रिपोर्ट कासिम मलिक आगरा
राजस्व विभाग से जुड़ी सबसे अधिक 32 शिकायतें पहुंचीं, शेष मामलों के लिए अधिकारियों को समयसीमा में निस्तारण के निर्देश
फतेहाबाद(आगरा) : तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम स्वाति शर्मा ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 58 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से छह का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में सबसे अधिक 32 शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं। इसके अलावा पुलिस विभाग की पांच, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त तीन, विकास विभाग की 13, शिक्षा विभाग की एक और अन्य विभागों से संबंधित चार शिकायतें प्राप्त हुईं।
एसडीएम स्वाति शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता के सामने मौके पर जाकर मामले की जांच करते हुए गुण-दोष के आधार पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने सभी शिकायतों का निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर सहायक पुलिस आयुक्त शमसाबाद राजीव रंजन श्रीवास्तव, तहसीलदार शिखर मिश्रा, नायब तहसीलदार शुभ्रा अवस्थी, एडीओ पंचायत नरेंद्र पाल सिंह, पूर्ति निरीक्षक सुमल्लिका सक्सेना, नगर पंचायत से योगेंद्र सिंह गुर्जर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।






