सरायमीर पुलिस और साइबर सेल ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 16 मोबाइल, लैपटॉप और सिम बरामद किए
आजमगढ़। सरायमीर थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने इंटरनेशनल कॉलिंग के जरिए टेलीकॉम राजस्व में कथित धोखाधड़ी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी अपने साथी जीशान के साथ International Premium Rate Numbers (IPRN) पर VoIP के जरिए कॉलिंग करते थे।
पुलिस ने संजरपुर क्षेत्र से मो. ताबिश और सलीम अहमद को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 16 मोबाइल फोन, एक डेल लैपटॉप, तीन खुले सिम कार्ड और 4,690 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें WhatsApp और Telegram के जरिए प्रीमियम नंबर और कॉल रूट उपलब्ध कराए जाते थे। पुलिस के अनुसार, बरामद उपकरणों में BESTIPRN.COM और ESSARTELECOM.NET से संबंधित लॉगिन आईडी और पासवर्ड मिले हैं।
पुलिस के अनुसार, इस नेटवर्क से होने वाली कमाई को आपस में बांटा जाता था और कई बार USDT/क्रिप्टो करेंसी के जरिए लेन-देन किया जाता था। मामले में थाना सरायमीर में मु0अ0सं0 247/2026, धारा 318(4), 319, 111, 317(2) बीएनएस एवं 66C/66D आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।






