रिपोर्ट : कासिम मालिक (फतेहाबाद) आगरा
14 साल से नियमितीकरण और समान कार्य-समान वेतन की मांग, कर्मचारियों ने चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति तैयार की
आगरा के फतेहाबाद में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मचारी नियमितीकरण और समान कार्य के लिए समान वेतन की मांग को लेकर आंदोलन तेज करेंगे। कर्मचारियों ने तीन दिन तक काली पट्टी बांधकर कार्य करते हुए विरोध जताने का निर्णय लिया है। इसके बाद सामूहिक हड़ताल कर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की जाएगी।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के पूर्व जिला अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव ने बताया कि कर्मचारी पिछले 14 वर्षों से नियमितीकरण और समान कार्य-समान वेतन की मांग को लेकर लगातार धरना-प्रदर्शन करते आ रहे हैं। इसके बावजूद मांगों का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि अब चरणबद्ध तरीके से आंदोलन किया जा रहा है।
महेंद्र सिंह यादव ने कहा कि पहले तीन दिन काली पट्टी बांधकर विरोध जताया जाएगा और इसके बाद सामूहिक हड़ताल की जाएगी। उनके अनुसार, संविदा कर्मचारी लंबे समय से स्वास्थ्य विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें नियमित कर्मचारियों के समान वेतन और सुविधाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। कर्मचारियों ने मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की है।
इस दौरान डॉ. पवन कुमार, डॉ. राखी, डॉ. जूही, राहुल पाठक, पूनम और पूर्व जिला अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव मनोज राजपूत सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।






