लगातार बारिश के चलते जर्जर हो चुका मराठा कालीन महल भरभराकर ढह गया। गनीमत रही कि हादसे के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था।
जालौन : जालौन तहसील क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते करीब 200 वर्ष पुराना ऐतिहासिक ताईबाई महल भरभराकर गिर गया। महल के धराशायी होते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
मराठा इतिहास से जुड़ा था ताईबाई महल
यह महल मराठा राजवंश की शासिका महारानी ताईबाई से जुड़ा ऐतिहासिक भवन माना जाता है। लंबे समय तक इसी भवन से तहसील कार्यालय का संचालन भी किया जाता रहा था।
जर्जर होने पर पहले ही हट चुका था तहसील कार्यालय
भवन की हालत काफी समय से जर्जर थी, जिसके चलते तहसील कार्यालय को पहले ही नई इमारत में स्थानांतरित कर दिया गया था। महल गिरने के समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।






