बारिश में दलदल बने रास्ते, चारपाई पर बीमार महिला को ले जाने को मजबूर ग्रामीण
करमेर गांव में कीचड़ भरे रास्ते से चारपाई पर बीमार महिला को ले जाते ग्रामीण
जालौन के डकोर विकासखंड की ग्राम पंचायत करमेर में जल निकासी व्यवस्था ध्वस्त, कीचड़ से घिरे रास्तों ने ग्रामीणों का जीवन किया बेहाल।
डकोर(जालौन) : जालौन के डकोर विकासखंड स्थित ग्राम पंचायत करमेर में बारिश के बाद विकास के दावों की हकीकत सामने आ गई है। जल निकासी की व्यवस्था न होने से गांव के रास्ते कीचड़ और दलदल में तब्दील हो गए हैं। हालात ऐसे हैं कि बीमार महिला को अस्पताल ले जाने के लिए परिजनों और ग्रामीणों को चारपाई का सहारा लेना पड़ा।
लगातार बारिश के चलते गांव की गलियों और संपर्क मार्गों पर पानी भर गया है। जल निकासी नहीं होने से पूरा रास्ता कीचड़ में बदल गया, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में हर साल यही स्थिति बनती है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में ग्रामीण और परिजन एक बीमार महिला को चारपाई पर उठाकर दलदल भरे रास्ते से ले जाते दिखाई दे रहे हैं। यह दृश्य गांव की बदहाल मूलभूत सुविधाओं और जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था कराई जाए और खराब रास्तों का निर्माण कराया जाए, ताकि बारिश के दौरान लोगों को इस तरह की परेशानी न झेलनी पड़े।






