रिपोर्ट : राशिद अली बहराइच
छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, साइबर बुलिंग और महिला सुरक्षा की दी गई जानकारी, हेल्पलाइन नंबरों के प्रति किया जागरूक
महसी(बहराइच)। राजकीय इंटर कॉलेज खैराबाजार में थाना बौंडी पुलिस टीम की ओर से साइबर सुरक्षा जागरूकता एवं मिशन शक्ति कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, साइबर बुलिंग और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। साथ ही, किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन नंबरों का इस्तेमाल करने के लिए जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कांस्टेबल आलोक जायसवाल ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने ऑनलाइन ठगी या साइबर बुलिंग का शिकार होने पर साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी।
वहीं, मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला कांस्टेबल ने छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अम्बरीष शुक्ल ने कार्यक्रम के आयोजन पर आभार जताया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम होने से छात्र-छात्राओं के माध्यम से जानकारी घर-घर तक पहुंचती है। उन्होंने ऐसे कार्यक्रमों को जारी रखने की आवश्यकता बताते हुए इसे सराहनीय पहल बताया।
इस अवसर पर खैरा बाजार चौकी प्रभारी दीपेन्द्र सिंह, शिक्षक हिमांशु बाजपेई, निखिल ओझा, अंशिका श्रीवास्तव तथा कर्मचारी संदीप, मुकेश, राजाराम, शिवम्, दीपहर्षिता और जाकिर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।






