रिपोर्ट : कासिम मलिक आगरा
महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान व अधिकारों की दी जानकारी, पुलिस ने हेल्पलाइन नंबरों के पर्चे बांटकर सहायता लेने के लिए किया जागरूक
फतेहाबाद। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत सोमवार को फतेहाबाद और डौकी क्षेत्र में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। फतेहाबाद में छात्राओं ने पुलिस के साथ जागरूकता रैली निकाली, जबकि डौकी क्षेत्र में पुलिस ने चौराहे और पूजा पंडालों में पहुंचकर महिलाओं व बालिकाओं को सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
फतेहाबाद में श्री दरबारी लाल बघेल श्री मानसिंह वर्मा कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने पुलिस के साथ कस्बे में जागरूकता रैली निकाली। रैली रोडवेज बस स्टैंड से शुरू होकर आंबेडकर चौक, सदर बाजार, गांधी चौक, पुरानी सब्जी मंडी और बाह रोड से होते हुए हनुमान मंदिर पहुंची। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिसकर्मियों ने जरूरत पड़ने पर हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से सहायता लेने की अपील की।
रैली में कॉलेज के महानिदेशक नरेंद्र बघेल, इंस्पेक्टर विनोद कुमार मिश्र, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सत्यभान सिंह सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
वहीं, पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन अभिषेक अग्रवाल के निर्देशन में डौकी पुलिस ने कुंडौल चौराहे और पूजा पंडालों में जागरूकता अभियान चलाया। उपनिरीक्षक दीपिका और उपनिरीक्षक विजय कुमार तिवारी ने महिलाओं एवं बालिकाओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की जानकारी दी। पुलिस टीम ने हेल्पलाइन नंबरों से संबंधित पर्चे भी वितरित किए।
अभियान के दौरान महिला हेल्पलाइन 1090 और 181, आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्वास्थ्य सेवा 102 और एंबुलेंस सेवा 108 की जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा स्वावलंबन को बढ़ावा देना है। अभियान के माध्यम से उन्हें जागरूक कर जरूरत के समय उपलब्ध सहायता सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।







