रिपोर्ट : राशिद अली बहराइच
छह शिक्षकों ने लखनऊ में प्राप्त किया राज्यस्तरीय प्रशिक्षण, अब जिले के जूनियर विद्यालयों के नोडल शिक्षकों को देंगे प्रशिक्षण
बहराइच। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों में व्यावहारिक ज्ञान विकसित करने के उद्देश्य से प्रोजेक्ट आधारित शिक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, लखनऊ के तत्वावधान में बहराइच के छह शिक्षकों ने 12 और 13 अक्टूबर को लखनऊ में आयोजित दो दिवसीय राज्यस्तरीय प्रशिक्षण में भाग लिया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह ने बताया कि राज्य परियोजना कार्यालय के निर्देशन में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण महानिदेशालय, इंदिरा नगर, लखनऊ स्थित प्रशिक्षण सभागार में प्रोजेक्ट आधारित अधिगम का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें जनपद के छह शिक्षकों ने राज्यस्तरीय मास्टर ट्रेनर के रूप में प्रशिक्षण प्राप्त किया।
बीएसए ने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले शिक्षक अब जनपद स्तर पर जूनियर विद्यालयों के सभी नोडल शिक्षकों को प्रोजेक्ट आधारित शिक्षण का प्रशिक्षण देंगे। इससे विद्यालयों में पढ़ाई के तरीकों को अधिक व्यावहारिक और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
प्रोजेक्ट आधारित शिक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में करके सीखने की प्रवृत्ति विकसित करना, आलोचनात्मक चिंतन और खोज को प्रोत्साहित करना तथा समस्या समाधान की क्षमता बढ़ाना है। इसके साथ ही बच्चों में सहयोग की भावना विकसित करने और उन्हें विषयों को व्यावहारिक रूप से समझने के अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जाएगा।
राज्यस्तरीय मास्टर ट्रेनर का प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले शिक्षकों में राजेश कुमार मिश्र, नंदकुमार शुक्ल, संदीप मेहरोत्रा, सुनील कुमार सिंह परिहार, चंद्रशेखर वर्मा और रविंद्र चौधरी शामिल हैं।






