रिपोर्ट: जितेंद्र कुमार यादव (तहसील संवाददाता दातागंज)
सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के साथ सरकारी योजनाओं की दी जानकारी, महिला व चाइल्ड हेल्पलाइन नंबरों के प्रति किया जागरूक
बदायूं। हजरतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम हजरतपुर स्थित मंदिर परिसर में गुरुवार, 15 अक्टूबर 2026 को मिशन शक्ति फेज-5 के ‘दीदी अभियान’ के तहत महिला चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इनमें विधवा पेंशन योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना और प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना शामिल रहीं। इसके साथ ही नशा मुक्ति भारत अभियान के बारे में भी बताया गया।
चौपाल में महिलाओं और बालिकाओं को किसी भी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न या आपात स्थिति में तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें वूमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, स्वास्थ्य सेवा 102 व 108, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी गई।
पुलिसकर्मियों ने बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी परेशानी की स्थिति में बिना झिझक पुलिस से संपर्क करने की अपील की। इसके अतिरिक्त क्षेत्र में एंटी रोमियो चेकिंग भी की गई।
थाना हजरतपुर पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना है।







