रिपोर्ट : कासिम मालिक (फतेहाबाद) आगरा
फायरिंग में युवती की मौत और दो लोगों के घायल होने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को पकड़ा
फतेहाबाद (आगरा) : थाना निबोहरा पुलिस ने फायरिंग कर युवती की हत्या और दो लोगों को घायल करने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी के पास से .315 बोर की राइफल और 15 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार 4 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 5:30 बजे धर्मजीत की गढ़ी निवासी हरेंद्र सिंह पुत्र अजमेर सिंह ने थाना निबोहरा में तहरीर दी थी। आरोप था कि पुरुषोत्तम उर्फ साधू, रमेश चंद्र, मल्ला देवी, मिथलेश देवी, साहब सिंह, प्रताप सिंह, सूखाराम और 4-5 अज्ञात लोगों ने योजनाबद्ध तरीके से राइफल, पिस्टल और कट्टों से फायरिंग की। इस दौरान पुरुषोत्तम ने अपने भाई भूपेंद्र की लाइसेंसी राइफल से फायर किया। गोली ब्रजेश पुत्री राजेंद्र के सिर में लगी, जिससे उसकी मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। मामले में थाना निबोहरा पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस आयुक्त आगरा के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस के अनुसार 5 अक्टूबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम बिजला मौजा चमरौली के पास से मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद तीन अन्य आरोपियों को भी पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों में पुरुषोत्तम उर्फ साधू पुत्र रमेशचंद्र, मल्ला पत्नी रमेश चंद्र, मिथलेश पत्नी पुरुषोत्तम उर्फ साधू और रमेश चंद्र पुत्र चंद्रभान, सभी निवासी धर्मजीत की गढ़ी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से एक .315 बोर की राइफल और 15 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार गौतम, एसआई राकेश कुमार, सन्नी कुमार, विजय कपाडिया, सर्विलांस प्रभारी सचिन कुमार, एसओजी प्रभारी रजत शर्मा और कांस्टेबल पंकज सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।






