निजी रिकॉर्डिंग वायरल करने की धमकी से दहशत में महिला, एसपी से लगाई गुहार

0
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत लेकर पहुंची पीड़िता

पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत लेकर पहुंची पीड़िता

उरई की महिला ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर तीन लोगों पर निजी बातचीत की रिकॉर्डिंग वायरल करने, बदनाम करने और दबाव बनाने का आरोप लगाया।

जालौन जिले के उरई से निजी बातचीत की रिकॉर्डिंग कथित रूप से वायरल कर बदनाम करने और धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। उरई निवासी एक महिला ने पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह को प्रार्थना पत्र देकर तीन लोगों पर मानसिक उत्पीड़न, धमकी और निजी रिकॉर्डिंग वायरल करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की गई है।

महिला ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि वह नीतू भटनागर निवासी नया पटेलनगर, उरई को बचपन से जानती है और उसे भाई मानती थी। उसके अनुसार वह रक्षाबंधन पर नीतू को राखी भी बांधती थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बाद में नीतू के मालिक संजय दत्त मिश्रा की ओर से उसके मोबाइल पर लगातार कॉल और मिस्ड कॉल कर परेशान किया जाने लगा।


शिकायतकर्ता का आरोप है कि नीतू भटनागर की ओर से उसके मोबाइल पर अश्लील वीडियो और आपत्तिजनक संदेश भेजे गए। इसी दौरान उसके पिता के एक परिचित के साथ हुई निजी बातचीत की रिकॉर्डिंग कथित रूप से उसकी जानकारी के बिना कर ली गई। महिला का कहना है कि बाद में इसी रिकॉर्डिंग को वायरल करने की धमकी देकर उस पर मिलने का दबाव बनाया गया।


महिला ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसने मिलने से इनकार किया तो रिकॉर्डिंग कथित रूप से विकास श्रीवास्तव नामक व्यक्ति को भेज दी गई, जो स्वयं को इलाहाबाद हाईकोर्ट का अधिवक्ता बताता है। शिकायत के अनुसार, रिकॉर्डिंग वायरल होने से उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई है और पूरा परिवार मानसिक तनाव में है।


पीड़िता ने एसपी से आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने, निजी रिकॉर्डिंग वायरल करने वालों पर कानूनी कार्रवाई करने तथा स्वयं और अपने परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। फिलहाल ये सभी आरोप शिकायतकर्ता के प्रार्थना पत्र पर आधारित हैं और पुलिस से जांच की मांग की गई है।

About The Author

Leave a Reply