कोंच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर को दिखाने के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर चोरी, पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिला की तलाश में जुटी।
कोंच(जालौन) : जालौन के कोंच कोतवाली क्षेत्र स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोंच में इलाज कराने आई एक महिला के मंगलसूत्र का सोने का पैंडल चोरी हो गया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।
पीड़िता ज्योति के अनुसार, वह डॉक्टर को दिखाने के लिए लाइन में खड़ी थीं। इसी दौरान पीछे खड़ी एक संदिग्ध महिला ने भीड़ का फायदा उठाकर उनके गले से मंगलसूत्र का सोने का पैंडल काट लिया। कुछ देर बाद गले पर हाथ लगाने पर उन्हें चोरी की जानकारी हुई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज में एक संदिग्ध महिला अस्पताल से बाहर निकलती दिखाई देने का दावा किया जा रहा है।
फिलहाल कोंच कोतवाली पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिला की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी है। मामले की जांच जारी है।







