कोंच कोतवाली क्षेत्र के सिंहवाहिनी मंदिर के पास मलंगा नाले की झाड़ियों में शव फंसा मिलने से सनसनी फैल गई, पांच दिन पहले परिजनों ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी।
जालौन के कोंच कोतवाली क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां पांच दिन से लापता चल रहे 49 वर्षीय अधेड़ का शव मलंगा नाले से बरामद हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया है।
पुलिस के अनुसार, कोंच कोतवाली क्षेत्र के सिंहवाहिनी मंदिर के पास मलंगा नाले की झाड़ियों में एक शव फंसा हुआ दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने शव को नाले में देखा तो तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर एसडीआरएफ की टीम को बुलाया। एसडीआरएफ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मलंगा नाले की झाड़ियों में फंसे शव को बाहर निकाला।
मृतक की पहचान 49 वर्षीय मंगल सिंह के रूप में हुई है, जो पिछले पांच दिनों से लापता थे। अधेड़ के लापता होने के बाद परिजनों ने पहले ही कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शव मिलने के बाद पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
एसडीआरएफ टीम के ब्रजेश कुमार ने इस संबंध में जानकारी दी।







