रिपोर्ट: नवीन त्रिपाठी अमेठी
मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत कक्षा 8 की छात्रा को मिली प्रशासनिक जिम्मेदारी, जनसुनवाई और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को करीब से समझा
गौरीगंज(अमेठी)। उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत अमेठी में बालिकाओं के आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने के लिए अनूठी पहल की गई। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, गौरीगंज की कक्षा आठ की छात्रा अंशिका को एक दिन के लिए उप जिलाधिकारी (SDM) गौरीगंज की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस दौरान उन्होंने कार्यालय में आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
एक दिन की एसडीएम बनीं अंशिका ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली, जनसुनवाई और जनसमस्याओं के निस्तारण की प्रक्रिया को करीब से समझा। इस पहल के माध्यम से छात्रा को अधिकारियों की जिम्मेदारियों और प्रशासनिक व्यवस्था के कामकाज को जानने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के दौरान जनसमस्याओं के समयबद्ध निस्तारण, अभिलेखों के व्यवस्थित रखरखाव और कार्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के महत्व पर भी जोर दिया गया। इसका उद्देश्य छात्राओं को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव देना तथा उनमें निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना है।
मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को उनके अधिकारों और क्षमताओं के प्रति जागरूक करने के साथ उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक सेवाओं के प्रति रुचि बढ़ाना है। इस तरह की पहल से छात्राओं को यह समझने का अवसर मिलता है कि शिक्षा, मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर वे भविष्य में प्रशासनिक सेवाओं में अपनी जगह बना सकती हैं।
इस अवसर पर एसडीएम गौरीगंज दिशा श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार अनुश्री त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी और छात्राएं मौजूद रहीं। अधिकारियों ने अंशिका को प्रशासनिक कार्यों और जिम्मेदारियों के निर्वहन की प्रक्रिया से परिचित कराया।
यह पहल बेटियों को आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। अवसर मिलने पर बालिकाएं भी अपनी प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता से नई मिसाल कायम कर सकती हैं।







