रिपोर्ट: जितेंद्र कुमार यादव (तहसील संवाददाता दातागंज)
एडीएम मानवेन्द्र सिंह ने दिए निर्देश, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए दस्तावेज तैयार कराने पर जोर
बदायूं । 13 अक्टूबर को जिला कारागार में निरुद्ध महिला बंदियों के बच्चों को सुरक्षित बचपन योजना से जोड़ने की पहल की गई है। अपर जिलाधिकारी प्रशासन मानवेन्द्र सिंह ने निर्देश दिए हैं कि जेल में बंद महिलाओं के साथ रहने वाले बच्चों के अलावा उनके घरों पर रह रहे पात्र बच्चों को भी योजना का लाभ दिलाया जाए। इसके लिए आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने और बच्चों को स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं से जोड़ने को कहा गया है।
मंगलवार को संयुक्त निगरानी समिति ने जिला कारागार का निरीक्षण किया। इस दौरान जेल में अपनी माताओं के साथ रह रहे 11 बच्चों की स्थिति और उनकी जरूरतों की समीक्षा की गई। बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं और उनके समुचित विकास से जुड़े पहलुओं पर भी ध्यान दिया गया।
निरीक्षण के दौरान एडीएम मानवेन्द्र सिंह ने बच्चों की व्यक्तिगत देखरेख योजना (आईसीपी) का नियमित फॉलोअप करने के निर्देश दिए। उन्होंने समय-समय पर बच्चों की काउंसलिंग कराने और उनकी जरूरतों के अनुसार आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी अभय कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।






