रिपोर्ट : तहसील संवाददाता (फतेहाबाद) आगरा
मिशन शक्ति अभियान के तहत एसीपी इमरान अहमद ने किया पिंक हेल्प डेस्क का निरीक्षण, महिला पुलिसकर्मियों ने बांटे पर्चे और बताईं हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता।
फतेहाबाद (आगरा) : आगरा जिले की फतेहाबाद तहसील मुख्यालय पर शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान मिशन शक्ति अभियान के तहत विशेष पिंक हेल्प डेस्क का संचालन किया गया। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने तहसील परिसर में पहुंची महिलाओं की शिकायतें सुनीं और उन्हें सुरक्षा व अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
एसीपी फतेहाबाद इमरान अहमद ने पिंक हेल्प डेस्क का औचक निरीक्षण किया और महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने 1090 (वूमेन पावर लाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) और 1098 (चाइल्डलाइन) जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए किसी भी आवश्यकता पर त्वरित पुलिस सहायता लेने की अपील की।
महिला उपनिरीक्षक शिवानी आर्य ने अपनी टीम के साथ मिलकर मौके पर मौजूद महिलाओं को मिशन शक्ति अभियान से जुड़े जागरूकता पर्चे वितरित किए। उन्होंने महिलाओं को घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ और साइबर अपराध से बचाव के आवश्यक उपाय बताए तथा किसी भी प्रकार की परेशानी में बिना किसी भय के सीधे पुलिस से संपर्क करने का आह्वान किया।
एसीपी इमरान अहमद ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार मिशन शक्ति का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित, सम्मानित और आत्मनिर्भर बनाना है। तहसील स्तर पर लगाई गई पिंक हेल्प डेस्क के माध्यम से पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय और सुरक्षा उपलब्ध कराने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। संवाददाता कासिम मलिक की रिपोर्ट के अनुसार इस दौरान तमाम फरियादी महिलाएं मौजूद रहीं।






