रिपोर्ट : बंटी आगरा
घर से लापता बच्चे को मिशन शक्ति 6.0 टीम ने संतोष नगर में हनुमान मंदिर के पास खोजा, सकुशल पिता के सुपुर्द किया
फतेहपुर सीकरी। थाना क्षेत्र में घर से लापता हुए तीन वर्षीय मासूम चित्रांश को पुलिस ने करीब एक घंटे के भीतर सकुशल खोजकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मिशन शक्ति 6.0 टीम की सक्रियता से बच्चे के मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस के प्रयासों की सराहना की।
जानकारी के अनुसार, कस्बे के मोहल्ला मुतबलियान निवासी तीन वर्षीय चित्रांश अचानक घर से लापता हो गया। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही फतेहपुर सीकरी पुलिस और मिशन शक्ति 6.0 टीम बच्चे की तलाश में जुट गई।
मासूम को खोजने के लिए पुलिस टीम ने बस स्टैंड से लेकर रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान संतोष नगर में हनुमान मंदिर के पास पुलिस को एक बच्चा रोता हुआ मिला। पुलिस ने बच्चे की पहचान गुमशुदा चित्रांश के रूप में की और उसे अपने संरक्षण में लेकर थाने पहुंची।
इसके बाद पुलिस ने बच्चे के पिता संजय को सूचना दी और आवश्यक पहचान सुनिश्चित करने के बाद मासूम को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया। पिता के पास पहुंचते ही बच्चा उनसे लिपट गया। बेटे को सुरक्षित देखकर परिजनों ने राहत की सांस ली।
इस अभियान में एसआई दिलशाद खान, महिला एसआई मनीषा और मिशन शक्ति 6.0 टीम की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस ने गुमशुदगी की सूचना मिलने के बाद तेजी से तलाश शुरू की और करीब 60 मिनट में बच्चे को खोज निकाला।
त्योहार के दौरान पुलिस की सतर्कता और संवेदनशीलता के इस मामले की क्षेत्र में चर्चा हो रही है। मासूम को सकुशल परिजनों से मिलाने पर लोगों ने पुलिस टीम के प्रयासों की सराहना की।






