अजय सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को सौंपा 6 सूत्रीय मांग पत्र, कार्रवाई न होने पर 14 सितंबर से अनिश्चितकालीन धरने और भूख हड़ताल की चेतावनी।
जालौन के माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गोपालपुरा में कथित आपत्तिजनक जातिसूचक टिप्पणी के मामले को लेकर अजय सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय को 6 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा है। मांग पत्र में आरोप लगाया गया है कि 3 अगस्त 2026 को सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में राममोहन पुत्र बाबूराम निवासी गोपालपुरा द्वारा डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम का उल्लेख करते हुए जातिसूचक टिप्पणी की गई। पत्र के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बावजूद अब तक FIR दर्ज नहीं की गई है।
प्रतिनिधिमंडल ने संबंधित धाराओं में, जिसमें SC/ST Act और BNS के प्रावधान शामिल हैं, मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही घटना का समर्थन करने वालों और कथित तौर पर कार्रवाई में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग रखी गई है।
मांग पत्र में दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और मुस्लिम समुदाय से जुड़े महापुरुषों एवं धार्मिक व्यक्तित्वों पर आपत्तिजनक टिप्पणियों के मामलों में स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई करने समेत महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर रोक की मांग भी शामिल है।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को 72 घंटे का समय देते हुए 13 सितंबर शाम पांच बजे तक कार्रवाई न होने पर 14 सितंबर से अंबेडकर चौराहा, उरई में अनिश्चितकालीन धरना, जिलाधिकारी कार्यालय के घेराव और भूख हड़ताल की चेतावनी दी है।







