रिपोर्ट : बंटी आगरा
बुलंद दरवाजे के पास स्थित ऐतिहासिक तालाब लंबे समय से क्षतिग्रस्त, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग पर ASI अधिकारी ने जल्द कार्य कराने का दिया आश्वासन
फतेहपुर सीकरी। विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक नगरी फतेहपुर सीकरी में बुलंद दरवाजे के पास स्थित शाही तालाब की बदहाल स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था का मुद्दा उठाया गया है। समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष राशिद हसन चिश्ती ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के डाक बंगला स्थित कार्यालय पहुंचकर संरक्षक सहायक दिलीप कुमार को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने ऐतिहासिक तालाब की तत्काल मरम्मत कराने और यहां सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम करने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि शाही तालाब लंबे समय से क्षतिग्रस्त अवस्था में है। इसके चलते यहां दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है और पूर्व में कई घटनाएं भी हो चुकी हैं। ऐसे में ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण के साथ आमजन और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कराने तथा जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए जाने की मांग की गई।
राशिद हसन चिश्ती ने संबंधित अधिकारी से समस्या का जल्द समाधान कराने और शाही तालाब की स्थिति में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक स्थल पर आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मरम्मत कार्य कराया जाना जरूरी है।
वहीं, ASI के संरक्षक सहायक दिलीप कुमार ने ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए जल्द कार्य कराने का आश्वासन दिया। उनके आश्वासन के बाद क्षेत्रवासियों को शाही तालाब की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जगी है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व नगर अध्यक्ष गब्बर कुरैशी, इंजीनियर असलम, सभासद शकील उस्मानी, नगर उपाध्यक्ष डॉ. सुनील प्रजापति, ताजुद्दीन कुरैशी और अब्दुल कुरैशी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।






