रिपोर्ट : तहसील संवाददाता (फतेहाबाद) आगरा
‘एकता के लिए दौड़ें, नशे को छोड़ें’ के नारे के साथ डीजीपी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना हुई राष्ट्रव्यापी मोटरसाइकिल रैली का टोल प्लाजा पर हुआ भव्य स्वागत।
नशामुक्त भारत का संदेश जन-जन तक प्रसारित करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा निकाली जा रही राष्ट्रव्यापी मोटरसाइकिल रैली शनिवार शाम करीब सवा सात बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा पर पहुँची। यहाँ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा रैली दल का जोरदार स्वागत किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा एक स्वस्थ व नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है।
टोल प्लाजा पर पहुँची इस रैली दल का स्वागत करने वाले प्रमुख अधिकारियों में पुलिस उपायुक्त पूर्वी अभिषेक अग्रवाल, सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) इमरान अहमद, रैली प्रभारी अबरार अहमद, यूपीडा के सुरक्षा अधिकारी राधामोहन द्विवेदी, इंस्पेक्टर विनोद कुमार मिश्र, चौकी इंचार्ज लुहारी देवेंद्र कुमार तथा एसएसडी के एचआर मैनेजर पीयूष शर्मा शामिल रहे। सभी ने अधिकारियों का उत्साहवर्धन किया।
‘राष्ट्रव्यापी मोटरसाइकिल रैली एवं राष्ट्रीय एकता दिवस 2026’ के अंतर्गत आयोजित इस महत्वपूर्ण अभियान को उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था। ‘एकता के लिए दौड़ें, नशे को छोड़ें’ की थीम पर आधारित इस रैली का मकसद न केवल युवाओं को नशे के जाल से दूर रखना है, बल्कि राष्ट्रीय एकता की भावना को भी और अधिक मजबूत करना है।
टोल प्लाजा पर स्वागत सत्कार के बाद रैली दल रात्रि विश्राम के लिए आगरा की ओर रवाना हुआ। रैली प्रभारी अबरार अहमद ने जानकारी दी कि यह रैली दिल्ली होते हुए गुजरात पहुँचेगी और आगामी 24 अक्टूबर को गुजरात की राजधानी गांधीनगर में इसका समापन प्रस्तावित है। इस राष्ट्रव्यापी अभियान के माध्यम से लगातार लोगों से अपील की जा रही है कि वे नशे से दूरी बनाएँ और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।






