खाकी का मानवीय चेहरा: जालौन में थानाध्यक्ष की दरियादिली आई सामने, भूखी-प्यासी बुजुर्ग महिला को खाना खिलाकर सुनी फरियाद
जालौन: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से पुलिस के मानवीय और संवेदनशील चेहरे की एक बेहद प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है। जहाँ एक तरफ पुलिस पर अक्सर संवेदनहीनता के आरोप लगते हैं, वहीं एट कोतवाली के थानाध्यक्ष ने अपने आचरण से यह साबित कर दिया है कि खाकी के भीतर एक संवेदनशील इंसान भी धड़कता है। पारिवारिक प्रताड़ना की शिकार एक बुजुर्ग महिला जब अपनी फरियाद लेकर थाने पहुँची, तो थानाध्यक्ष ने न केवल उनकी बात को पूरी गंभीरता से सुना, बल्कि उन्हें आदर के साथ भोजन कराकर न्याय का भरोसा भी दिलाया।
”लला, आटा मांगो को बहू मारने को दौड़ती है…”
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जालौन जिले के एट कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सोमई गांव का है। यहाँ रहने वाली बुजुर्ग महिला गिरजारानी अपनी बहू के दुर्व्यवहार और प्रताड़ना से बेहद परेशान थीं। पारिवारिक कलश से तंग आकर जब वह अपनी शिकायत लेकर एट कोतवाली पहुँचीं, तो उनका दर्द छलक उठा।
बुजुर्ग महिला ने अपनी स्थानीय बुंदेली भाषा में थानाध्यक्ष शिवशंकर सिंह को अपनी आपबीती सुनाई। उन्होंने रोते हुए बड़े ही सीधे और मार्मिक शब्दों में कहा, “लला, आटा मांगो को बहू मारने को दौड़ती है… आटा मांगो तो बहू गालियां देने लगी और धमकी देकर मारपीट करने को दौड़ी।” बुजुर्ग महिला की इस व्यथा को सुनकर थाने में मौजूद हर शख्स का दिल पसीज गया।
थानाध्यक्ष ने दिखाई दरियादिली, वीडियो हुआ वायरल
वृद्धा की दयनीय स्थिति और उनकी बात को सुनकर एट कोतवाली के थानाध्यक्ष शिवशंकर सिंह ने तुरंत संवेदनशीलता का परिचय दिया। उन्होंने बुजुर्ग महिला को अपनी कुर्सी के पास बैठाया और सबसे पहले उन्हें अपने सामने ही भरपेट खाना खिलाया। भोजन कराने के बाद उन्होंने बुजुर्ग महिला के सिर पर हाथ रखकर ढांढस बंधाया और उनकी पूरी समस्या इत्मीनान से सुनी।
थानाध्यक्ष की इस दरियादिली और बुजुर्ग के प्रति उनके आत्मीय व्यवहार का किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग उत्तर प्रदेश पुलिस के इस मानवीय रूप की जमकर सराहना कर रहे हैं।
बहू को थाने बुलाकर लगाई कड़ी फटकार
मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष ने त्वरित एक्शन लिया और बुजुर्ग महिला की बहू को तुरंत थाने बुलवाया। थाने पहुँचने पर पुलिस अधिकारी ने बहू को जमकर फटकार लगाई।
थानाध्यक्ष शिवशंकर सिंह ने चेतावनी देते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा कि एक वृद्ध सास के साथ मारपीट, गाली-गलौज और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि भविष्य में इस तरह की हरकत दोबारा दोहराई गई, तो पुलिस सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगी।
हरसंभव मदद का मिला भरोसा
पुलिस की इस दो टूक चेतावनी के बाद बहू को अपनी गलती का अहसास हुआ और उसने आगे से ऐसा न करने की बात कही। इसके साथ ही, थानाध्यक्ष ने बुजुर्ग महिला गिरजारानी को आश्वस्त किया कि उन्हें खाने-पीने और सुरक्षा से जुड़ी किसी भी समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। पुलिस प्रशासन हर कदम पर उनकी मदद के लिए तैयार है। एट कोतवाली के इस सराहनीय कदम से क्षेत्र में पुलिस की छवि और अधिक मजबूत हुई है।






