25 सितंबर को राठ रोड गल्ला मंडी में भाकियू की विशाल किसान महापंचायत, फसल बर्बादी, बीमा, अन्ना पशु और खाद-बीज के मुद्दों पर किसानों से करेंगे संवाद।
उरई(जालौन) : बुंदेलखंड में अतिवृष्टि से खरीफ फसलों को हुए नुकसान और किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) शुक्रवार, 25 सितंबर को उरई में विशाल किसान महापंचायत आयोजित करेगी। महापंचायत में भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत किसानों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनेंगे।
भाकियू के राष्ट्रीय महासचिव राजवीर सिंह जादौन ने बताया कि महापंचायत सुबह 11 बजे उरई स्थित राठ रोड गल्ला मंडी में होगी। इसमें जालौन सहित बुंदेलखंड के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में किसानों के शामिल होने की उम्मीद है।
महापंचायत में अतिवृष्टि से फसल बर्बादी का मुआवजा, फसल बीमा, अन्ना पशुओं की समस्या, खाद-बीज की उपलब्धता और दैवीय आपदा राहत जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे। संगठन का कहना है कि हाल की भारी बारिश से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और अब तक अपेक्षित राहत नहीं मिल सकी है।
भाकियू का उद्देश्य किसानों की समस्याओं को एक मंच पर लाकर उनके समाधान के लिए सरकार और प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाना है। महापंचायत में किसानों से सीधे संवाद कर आगे की रणनीति भी तय की जाएगी।







